मधेपुरा। जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में पिछले माह हुई लूट की घटना में शामिल पांच लुटेरो को पुलिस ने चटनमा गांव से गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों के पास से एक कट्टा, तीन कारतूस व लूट में उपयोग की गई तीन बाइक भी बरामद की गई है। गिरफ्तार लुटेरों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया है। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुरैनी थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद लुटेरों की गिरफ्तारी को लेकर उदाकिशुनगंज एसडीपीओ सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले सभी लूटेरा पुरैनी थाना अंतर्गत चटनमा गांव स्थित अमलेश कुमार के घर पर ठहरा हुआ है। पुलिस टीम चटनमा पहुंचकर छापेमारी किया तो मौके से अमलेश कुमार, आलमनगर का सोहित कुमार, आलमनगर का राजा कुमार उर्फ भक्ता, आलमनगर का शिवम कुमार व सपरदह का सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लुटेरों के पास से एक कट्टा, तीन कारतूस और तीन बाइक बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि गत दिन बिहारीगंज थाना अंतर्गत मजोरा गांव के पूर्व मुखिया अनिल कुमार जायसवाल की हत्या के नीयत से उनपर गोली चलाने वालों में सोहित कुमार और अमलेश कुमार शामिल था। पूर्व मुखिया पर बदले की कार्रवाई से गोली चलाई गई थी। सोहित कुमार के भाई की जो हत्या हुई थी उसमें यह अंदेशा था कि उस हत्या में अनिल कुमार जायसवाल का भी हाथ था। उसी वजह से सोहित ने जान मारने की नीयत से अनिल कुमार जायसवाल को गोली मारा था। लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई। अनिल कुमार जायसवाल पर गोली चलाने के दौरान उपयोग में लाया गया बाइक भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लुटेरों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने का काम किया जाएगा। मौके पर एसडीपीओ उदाकिशुनगंज सतीश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर प्रेम कुमार यादव, थानाध्यक्ष पुरैनी दीपक चंद्र दास, थानाध्यक्ष बिहारीगंज अरुण कुमार व थानाध्यक्ष मुरलीगंज अखिलेश कुमार मौजूद थे।

